राजस्थान में तीसरे दिन भी जारी रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, जयपुर में निकाली रैली और प्रदर्शन, वीडियो में देखें पूरा मामला

Photo Source : Self

Posted On:Monday, June 29, 2026

जयपुर। संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के आह्वान पर जयपुर सहित पूरे राजस्थान में सफाई कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सफाई कार्य का बहिष्कार करते हुए कई स्थानों पर प्रदर्शन और रैलियां निकालीं। जयपुर में रविवार को सांगानेर जोन स्टेडियम में बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी एकत्रित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत सफाई कर्मचारी राहुल आदिवाल और विशाल चांचरिया को श्रद्धांजलि देकर की गई, जिनका हाल ही में दुर्घटना में निधन हो गया था। कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद कर्मचारियों ने सांगानेर जोन स्टेडियम से जुलूस निकाला, जो मुख्य बाजारों से होते हुए सांगानेर मंडी तक पहुंचा। रैली के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और सरकार से जल्द समाधान की मांग की। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे और आवश्यक होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


जयपुर के अलावा दौसा, लालसोट, हिंडौन, धौलपुर, करौली, गंगापुर, चूरू और बूंदी सहित कई शहरों में भी सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। विभिन्न जिलों में कर्मचारियों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों के समाधान की मांग की। आंदोलन के संचालन और खर्चों के लिए कर्मचारियों द्वारा प्रति कर्मचारी 10 रुपये सहयोग राशि देने का निर्णय भी लिया गया है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आंदोलन को संगठित और प्रभावी बनाने के लिए यह सहयोग राशि एकत्रित की जाएगी।

संघ ने घोषणा की है कि 30 जून को सिविल लाइन जोन क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी चौराहा, पंडित जी चौराहा और हसनपुरा क्षेत्र में प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद जलेबी चौक स्थित हेरिटेज मुख्यालय पर महापड़ाव शुरू किया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक सफाई कार्य का बहिष्कार और आंदोलन जारी रहेगा। आंदोलन में सफाई कर्मचारियों के साथ-साथ संघ पदाधिकारी और संघर्ष समिति के सदस्य भी लगातार शामिल रहेंगे।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.