जयपुर में नशे में धुत कार चालक ने स्कूटी-बाइक को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत; शादी और जश्न की खुशियां मातम में बदलीं

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, November 5, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के आमेर इलाके में बुधवार रात नशे में कार चला रहे एक युवक ने पहले स्कूटी और फिर बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान साहिल (25) और शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) के रूप में हुई है। घायलों में कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण शामिल हैं। हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। शोएब चार महीने पहले ही पिता बना था, जबकि साहिल के घर में 12 नवंबर को उसकी बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे हुआ। आमेर महल से जलमहल की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने मावठा सेल्फी पॉइंट के पास एक एक्टिवा को टक्कर मार दी। उस पर साहिल, तरुण और सोनू सवार थे। इसके बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन करीब 50 मीटर आगे मजार के पास बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार और बाइक दोनों खाई में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

स्थानीय लोगों ने कार सवार भीलवाड़ा निवासी अयान (25), जो फिलहाल सांगानेर में रहता है, और उसके साथी सागर सोलंकी (25) को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। कार से बीयर के कैन भी बरामद हुए हैं। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा के मुताबिक, घायलों को लोगों की मदद से एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिल ने गुरुवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

साहिल के भाई इरशाद ने बताया कि कार में सवार दोनों युवक नशे में थे और हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि साहिल की बहन जेबा की शादी 12 नवंबर को होनी थी और घर में तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। आमेर में साहिल की मेडिकल शॉप थी और परिवार बहन की शादी के बाद उसकी भी शादी करने की तैयारी कर रहा था। वहीं, शोएब अपने दोस्त कलीम के साथ दावत से बाइक पर घर लौट रहा था। उसका घर घाटगेट के लोहारों का खुर्रा स्थित मछली मार्केट इलाके में था। चार महीने पहले जन्मे बेटे मोहम्मद हुसैन के जन्म की खुशी में वह इसी महीने समारोह करने वाला था।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.