जयपुर में बीजेपी विधायक प्रताप सिंह सिंघवी के घर 1.25 करोड़ की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर

Photo Source : Google

Posted On:Friday, October 30, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान की राजधानी जयपुर में बीजेपी विधायक और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह सिंघवी के घर चोरी का मामला सामने आया है। बुधवार रात करीब 2 बजे एक चोर उनके घर में घुसा और नकदी, गहने, लैपटॉप समेत करीब 1.25 करोड़ रुपये का सामान लेकर फरार हो गया। चोरी की यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में काले कपड़े पहने एक व्यक्ति घर में घुसता और फिर बिना किसी की नजर में आए बाहर निकलता दिखाई दे रहा है।

छबड़ा विधानसभा सीट से विधायक प्रताप सिंह सिंघवी घटना के समय अपने क्षेत्र में थे। उनका घर जयपुर के हरि मार्ग पर राजभवन के पीछे स्थित है। बताया जा रहा है कि घर में सुरक्षा के इंतजाम होने के बावजूद चोर ने विधायक की गैरमौजूदगी का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम देकर निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध रात के समय घर के अंदर घूमता दिखाई दे रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर पहले घर के अंदर दाखिल होता है और फिर रसोई जैसी जगह में जाता है। इसके बाद वह दूसरे कमरे में भी घुसता है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, ताकि संदिग्ध की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि उसने घर में कैसे प्रवेश किया और चोरी को कैसे अंजाम दिया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद सोडाला थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घर की जांच की। पुलिस ने सबूत जुटाने के साथ चोरी के तरीके की भी पड़ताल शुरू कर दी है। सोडाला थाने के एसएचओ मनोज बैरवा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर से नकदी और कीमती सामान चोरी हुआ है। पुलिस सीसीटीवी में दिख रहे व्यक्ति की पहचान करने और चोरी हुआ सामान बरामद करने की कोशिश कर रही है। करीब 1.25 करोड़ रुपये की चोरी को गंभीर मामला मानकर जांच की जा रही है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.