जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने के संकेत हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से गुरुवार से मौसम का मिजाज बदल सकता है। अगले कुछ दिनों तक कई जिलों में आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने जयपुर, अलवर समेत 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस सिस्टम का असर 14 जून तक बना रह सकता है, जिससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
वहीं, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और भीषण गर्मी का असर जारी रहा। श्रीगंगानगर 45.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा चूरू में 44.7, फलोदी में 43.8, जैसलमेर में 43, बीकानेर में 42.4, बाड़मेर में 42.3 और अलवर में 42.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। कई शहरों में पारा 40 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।
जयपुर में मौसम की मार का एक उदाहरण उस समय देखने को मिला जब गणगौरी अस्पताल के बाहर एक पुराना नीम का पेड़ अचानक कार और स्कूटी पर गिर गया। हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और कई लोग बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पेड़ काफी पुराना था। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।