जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के एक मंदिर परिसर में हुआ एक अनोखा फोटोशूट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, लेकिन इसके साथ ही विवाद भी खड़ा हो गया। बार्सिलोना में रहने वाली रूसी फोटोग्राफर जूलिया बुरुलेवा ने अपने आर्ट प्रोजेक्ट के लिए एक असली हाथी को गुलाबी रंग से रंग दिया, जिसकी तस्वीरें इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गई हैं।
जूलिया बुरुलेवा के अनुसार, यह फोटोशूट जयपुर की रंगीन संस्कृति और पारंपरिक वास्तुकला से प्रेरित था। उन्होंने बताया कि उनकी कल्पना एक पारंपरिक राजस्थानी गेट के सामने गुलाबी हाथी के साथ फोटो बनाने की थी। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए उन्हें कई एलिफेंट फार्म्स से संपर्क करना पड़ा और शूटिंग के लिए परमिशन लेना भी एक बड़ी चुनौती रही।
हालांकि, इस फोटोशूट को लेकर सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई यूजर्स ने इसे पशु क्रूरता करार देते हुए कहा कि सिर्फ तस्वीरों को आकर्षक बनाने के लिए हाथी को ‘प्रॉप’ की तरह इस्तेमाल करना गलत है। कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि ऐसे काम के लिए जानवरों को शामिल करने की बजाय तकनीक या AI का सहारा लिया जा सकता था।
विवाद बढ़ने पर जूलिया बुरुलेवा ने सफाई देते हुए कहा कि हाथी पर लगाया गया रंग ऑर्गेनिक और सुरक्षित था, जो त्योहारों में भी इस्तेमाल होता है। इसके बावजूद, आलोचना थमती नजर नहीं आ रही है और यह मामला कला और पशु अधिकारों के बीच बहस का कारण बन गया है।