जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, जयपुर केंद्र ने तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए प्रदेश के कई हिस्सों में तेज धूलभरी आंधी, मेघगर्जन और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट और अन्य क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
जयपुर, टोंक, अजमेर, ब्यावर, नागौर और सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, धूलभरी आंधी उठने, आकाशीय बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है।
हाड़ौती क्षेत्र के बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं, जहां तेज आंधी और ओलावृष्टि के साथ मौसम और अधिक सक्रिय रहेगा। इसके अलावा दौसा, भीलवाड़ा, राजसमंद, पाली, चित्तौड़गढ़ और डीडवाना-कुचामन जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश संभव है।
पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न शहरों में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिला। जयपुर में बादलों की आवाजाही के बीच तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा और शाम को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। जोधपुर में तेज गर्मी के साथ तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अलवर में तेज धूप के कारण पारा 38 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। उदयपुर में दोपहर बाद मौसम बदला और हल्की बारिश के चलते तापमान में थोड़ी राहत मिली।