जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर से खाड़ी देशों की फ्लाइट्स के किराए में बढ़ोतरी हुई है। दुबई, शारजाह, मस्कट और अबूधाबी जाने वाली फ्लाइट्स का सफर अब पहले से लंबा हो गया है। पहले यह फ्लाइट्स करीब 3 घंटे 5 मिनट में पहुंचती थीं, लेकिन अब 3 घंटे 30 मिनट का समय लग रहा है। इस बढ़े हुए रूट समय के चलते एयरलाइंस ने किराए में आंशिक बढ़ोतरी की है।
फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को दिक्कत
गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट से चंडीगढ़ और कुल्लू की तीन फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। अलायंस एयर की कुल्लू की फ्लाइट (9आई-805) सुबह 8:25 पर, इंडिगो की चंडीगढ़ की फ्लाइट (6ई-7718) सुबह 9:10 पर और शाम 7:50 पर चलने वाली फ्लाइट (6ई-7414) रद्द रहीं। दरअसल, भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे युद्ध के कारण उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट्स से फ्लाइट संचालन प्रभावित हो रहा है।
फ्लाइट्स में देरी भी बनी परेशानी
इसके अलावा स्पाइसजेट की जयपुर-पुणे की फ्लाइट (एसजी-1077) भी विमान उपलब्ध न होने की वजह से 7 घंटे की देरी से दोपहर 12:30 बजे रवाना हो सकी, जबकि इसकी तय समय सुबह 5:30 थी। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए जयपुर से कोई सीधी फ्लाइट नहीं है, लेकिन चंडीगढ़ के रूट पर इसका असर पड़ा है।