जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में युवकों के बीच हुए विवाद के बाद काले रंग की एसयूवी से दो युवकों को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एसयूवी के आसपास कई लोग नजर आ रहे हैं और गाड़ी से दो युवकों को टक्कर लगती दिखाई दे रही है। घटना के बाद एसयूवी सवार युवक तेज रफ्तार में मौके से निकल गए।
बताया जा रहा है कि एसयूवी सवार युवकों और वहां मौजूद कुछ लोगों के बीच पहले किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद युवक गाड़ी लेकर वहां से जाने लगे। इसी दौरान उन्होंने सड़क पर मौजूद एक युवक को टक्कर मारी और फिर दूसरे युवक को भी गाड़ी से टक्कर मार दी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
सांगानेर एसीपी दीपक खंडेलवाल के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ युवक एसयूवी किराए पर लेकर गए थे। गाड़ी के टायर फटने या कटने के बाद वे उसे ठीक कराने पहुंचे थे। इसी दौरान टायर की मरम्मत के पैसे देने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद एसयूवी सवार युवकों ने गाड़ी से मरम्मत करने वालों को टक्कर मारने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि अभी दोनों पक्षों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं कराया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस घटना में शामिल युवकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब का है और इसमें नजर आ रहे लोग कौन हैं। पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।