जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में सोने की ज्वेलरी बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य बेहोश हो गए। हादसा सीतापुरा इंडस्ट्रियल एरिया में हुआ, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव का काम शुरू किया। आग पर काबू पा लिया गया है।
यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे आइडियल फिजिकल सर्विसेज लिमिटेड में हुआ। यहां सोने की ज्वेलरी बनाने का काम किया जाता है। हादसे में उत्तर प्रदेश के चंदौली निवासी 19 वर्षीय रजनीश और मध्य प्रदेश के रीवा निवासी 45 वर्षीय सरस्वती की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में चार कर्मचारी घायल भी हुए हैं। इनमें उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी 26 वर्षीय अजय पाल, पश्चिम बंगाल के मिदनापुर निवासी 20 वर्षीय लालमोहन और मध्य प्रदेश के रीवा निवासी 19 वर्षीय संदीप सिंह व 32 वर्षीय बबूल शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया गया है। वहीं, दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखे गए हैं।
भट्टी में ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट की आशंका
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह भट्टी में ब्लास्ट या शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग कैसे लगी, इसकी सही वजह जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगी।