जयपुर, 21 जून 2026। संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के आह्वान पर नगर निगम जयपुर ग्रेटर एवं हेरिटेज के सफाई कर्मचारियों का आंदोलन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। संघ द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 20 जून को भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों को सुबह 11 बजे जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया गया। इसके बाद 21 जून को कई नए कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठे। इनमें जोनी बेनीवाल, उमेश वाल्मीकि (गंगानगर), आर्यन भारती (गंगानगर), मोहम्मद मुस्तफा, अशोक तंबोली, महेश चांवरिया, कालूराम तंबोली, ललित सारवान, लालचंद टुण्डलायत, अरुण कुमार और हनुमान जाजोटर सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

भूख हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने के लिए कई सामाजिक और कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। पूर्व अध्यक्ष सुरेश कल्याणी, पूर्व अध्यक्ष शिवचरण डंडोरिया, जयपुर शहर वाल्मीकि पंच कमेटी के सरपंच मनोज चांवरिया तथा महेंद्र सिंगारिया सहित कई गणमान्य लोगों ने कर्मचारियों को माला पहनाकर उनका समर्थन किया। वहीं, भरतपुर सफाई यूनियन के अध्यक्ष अनिल लोहरा भी अपने साथियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलनरत कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने 26 जून 2026 को प्रस्तावित आम हड़ताल को समर्थन देने का संकल्प भी लिया।
संयुक्त वाल्मीकि एवं सफाई श्रमिक संघ के अध्यक्ष नन्दकिशोर डंडोरिया ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर आंदोलन लगातार जारी रहेगा। उन्होंने मीडिया से इस आंदोलन की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित करने की अपील की है। गौरतलब है कि सफाई कर्मचारियों के आंदोलन को लेकर विभिन्न कर्मचारी संगठनों और सामाजिक प्रतिनिधियों का समर्थन लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है। ऐसे में 26 जून को प्रस्तावित आम हड़ताल को लेकर प्रशासन और कर्मचारी संगठनों के बीच आगे की स्थिति पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।