जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान की राजधानी जयपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और महिला की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हरमाड़ा क्षेत्र के नींदड़ मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे दोनों वाहन के नीचे आ गए।
बताया जा रहा है कि सीमेंट से लदा ट्रेलर चोमू से जयपुर की ओर जा रहा था। टक्कर के बाद ट्रेलर बाइक सवार दोनों लोगों को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक और महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय सिंह यादव ने बताया कि ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं, मृतकों की पहचान मोटरसाइकिल के पंजीकरण नंबर के आधार पर करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।