जयपुर में तेज रफ्तार थार का कहर, एंडेवर को टक्कर मारने के बाद ई-रिक्शा 50 फीट दूर जा गिरा

Photo Source : Google

Posted On:Wednesday, September 2, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार देर रात तेज रफ्तार थार ने पहले एक एंडेवर को टक्कर मारी और फिर ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई-रिक्शा करीब 50 फीट दूर जा गिरा और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ई-रिक्शा सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना रात करीब 1:05 बजे की बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, एंडेवर चौराहे को पार कर रही थी, तभी तेज रफ्तार थार ने मोड़ लेते समय उसे टक्कर मार दी। इसके बाद थार ई-रिक्शा से जा भिड़ी। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद ई-रिक्शा के काफी दूर जाकर पलटने का दृश्य दिखाई दे रहा है। एंडेवर कांग्रेस विधायक अशोक चांदना की पत्नी ललिता चांदना के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है।

हादसे में घायल बोडूराम साहू, उमाशंकर शर्मा और मुकेश कुमार को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों एसयूवी में सवार ड्राइवर और अन्य लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को जब्त कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पुलिस ने एफआईआर में तेज और लापरवाही से गाड़ी चलाने के साथ नशे में ड्राइविंग के आरोपों का भी जिक्र किया है। एंडेवर ललिता चांदना के नाम पर रजिस्टर्ड होने की पुष्टि पुलिस ने की है और वाहन की जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस अधिकारी के मुताबिक अभी यह साफ नहीं हुआ है कि हादसे के समय एंडेवर कौन चला रहा था। जांच के जरिए पूरे घटनाक्रम और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.