जयपुर। राष्ट्रीय करणी सेना की ओर से शिव सिंह शेखावत के नेतृत्व में बुधवार को गांधी पथ वैशालीनगर स्थित जानकी पैराडाइज में सेवा संकल्प दिवस मनाया गया। आध्यात्मिक विभूति अर्जुनाचार्य, गोपालपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष पवन गोयल, शगुन ग्रुप के डायरेक्टर जे डी महेश्वरी,पूर्व विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास, इवेंट किंग प्रियंका- नितिन दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कई गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम संयोजक शिव सिंह शेखावत ने आयोजन के दौरान जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरित की। इस मौके पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर, ब्लड शुगर, ईसीजी एवं बीपी जांच शिविर का आयोजन कर बड़ी संख्या में लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया गया। शिव सिंह शेखावत ने कहा कि समाज की वास्तविक शक्ति सेवा, सहयोग और संवेदनशीलता में निहित है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने सामथ्र्य के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प ले, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का मार्ग स्वत: प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव ही व्यक्ति को महान बनाता है और यही राष्ट्र निर्माण का आधार है।
विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध फिल्म निर्माता अनिल शर्मा ने अपने जीवन के संघर्ष, मेहनत और सफलता की प्रेरक यात्रा साझा करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वहीं बॉलीवुड एक्टर जोजो ,बॉलीवुड सिंगर एवं इंटरनेशनल परफॉर्मर ए.क्यू.एम. अली कुली मिर्जा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। जरुरतमंदों की सेवा को समर्पित सफल आयोजन के लिए शिव सिंह शेखावत का अतिथियों, सामाजिक संगठनों एवं उपस्थित नागरिकों ने पुष्पगुच्छ, साफा एवं माल्यार्पण कर आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया।