राजस्थान में मानसून सुस्त, बढ़ी गर्मी-उमस; 3 सितंबर से फिर बदलेगा मौसम

Photo Source : Google

Posted On:Monday, August 31, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में मानसून की रफ्तार धीमी होने के साथ ही तापमान बढ़ने लगा है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 4 से 5 दिनों तक मानसून कमजोर रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के मुताबिक अगले 2 से 3 दिनों तक अधिकांश जिलों में मौसम सूखा रहेगा। तेज धूप और उमस के बीच लोगों को फिलहाल बारिश का इंतजार करना होगा। हालांकि सितंबर के पहले सप्ताह में प्रदेश में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के अनुसार 3 सितंबर से उत्तर-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। 4 से 7 सितंबर के बीच भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कोटा और आसपास के इलाकों में सितंबर के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे किसानों को भी राहत मिल सकती है।

वहीं पश्चिमी राजस्थान में फिलहाल मौसम सूखा रहने का अनुमान है। जोधपुर और बीकानेर संभाग के ज्यादातर हिस्सों में मानसून की गतिविधियां कमजोर रहेंगी। हालांकि 5 से 8 सितंबर के बीच बीकानेर संभाग में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। शेखावाटी और थार के इलाकों में तेज धूप और गर्मी का असर बना रहेगा। रविवार को श्रीगंगानगर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पिलानी, चूरू, फलोदी, बीकानेर और जैसलमेर में भी पारा 35 डिग्री से ऊपर रहा।

राजधानी जयपुर में रविवार को दिनभर तेज धूप रही और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक जयपुर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। कोटा में भी बारिश नहीं हुई और अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर, अजमेर, उदयपुर और जोधपुर में हल्की हवाओं के चलते उमस से कुछ राहत मिली।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.