जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को ऑल इंडिया सब-जूनियर (अंडर-15 और अंडर-17) रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दिन राजस्थान के खिलाड़ियों का मिला-जुला प्रदर्शन देखने को मिला। घरेलू राज्य के कई शटलरों ने अपने-अपने क्वालिफाइंग मुकाबले जीतकर अगले दौर में जगह बनाई और मेन ड्रॉ की ओर कदम बढ़ाया।
अंडर-17 बॉयज सिंगल्स में राजस्थान के सात्विक अग्रवाल ने गुजरात के विशाग्रा को 15-8, 15-9 से हराया। मानस परवाल ने चंडीगढ़ के आर्यदेव सिंह को 15-5, 15-10 से मात दी, जबकि आर्यन प्रजापत ने मध्य प्रदेश के सिद्धांत गुरवे को 15-12, 10-15, 15-6 से हराकर मुकाबला अपने नाम किया। वहीं अंडर-15 बॉयज सिंगल्स में उत्कर्ष सिंह राठौड़ ने हरियाणा के उत्कर्ष चौहान को 15-10, 15-5, सिद्धांत ने उत्तराखंड के ओम को 15-9, 15-13 और लक्ष्यराज सिंह नाथावत ने तेलंगाना के निश्चय गर्गी को 17-15, 15-8 से हराया।
लड़कियों के अंडर-15 सिंगल्स में भी राजस्थान की खिलाड़ियों ने अच्छी शुरुआत की। खुशी शर्मा ने महाराष्ट्र की सायना को 15-7, 15-9 से हराया, रिद्धि बत्रा ने महाराष्ट्र की ऋषिका रासल को 15-2, 15-3 से मात दी और आराध्या सोनी ने अरुणाचल प्रदेश की डिचूम लिखा को 15-8, 15-11 से हराया। काव्या चौधरी को तेलंगाना की मान्या एमपी के खिलाफ वॉकओवर मिला। हालांकि राजस्थान की नविष्टी माहेश्वरी को तेलंगाना की सितु साई केएन से 13-15, 8-15 से हार का सामना करना पड़ा।
दूसरी ओर, राजस्थान के आरव अग्रवाल, आरिन, सानवी अग्रवाल, खुशी राठी, आराध्या बिश्नोई, आदित्य नारायण, बुर्हानुद्दीन हसन, माही सैनी, विवान दत्ता, रुद्र देवांडा, तुहीन बादल, मिराया फागेरिया, देविना शर्मा, शुगन टोंक, लक्ष्य देवांडा, साक्षी सिंह और स्वराज टक्साली का सिंगल्स में सफर खत्म हो गया। खबर लिखे जाने तक देर रात तक मुकाबले जारी थे। शनिवार को करीब 500 मैच खेले जाने हैं।