जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में दिवाली से पहले ही प्रदूषण बढ़ने लगा है। शनिवार सुबह भिवाड़ी में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। दिल्ली से सटे इस औद्योगिक इलाके में प्रदूषण का स्तर आनंद विहार जैसे क्षेत्रों के बराबर हो गया है। वहीं, जयपुर, अलवर और बीकानेर में भी हवा की गुणवत्ता खराब बनी हुई है।
एनसीआर से सटे राजस्थान के इलाकों में पिछले एक हफ्ते से प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। सर्दी शुरू होने के साथ हवा में धूल और धुएं का असर भी बढ़ने लगा है। ऐसे में दिवाली पर आतिशबाजी के बाद प्रदूषण और बढ़ने की आशंका है। इसका सबसे ज्यादा असर सांस से जुड़ी परेशानी झेल रहे लोगों पर पड़ सकता है।
दिन में गर्मी, रात में बढ़ रही ठंड
प्रदूषण के साथ प्रदेश में मौसम का मिजाज भी बदल रहा है। शुक्रवार को ज्यादातर इलाकों में दिन के समय हल्की गर्मी रही। पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। बाड़मेर 37.8 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। जोधपुर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़ और पाली में भी पारा 35 डिग्री से ऊपर रहा।
वहीं, रात के तापमान में पिछले एक सप्ताह से गिरावट दर्ज की जा रही है। माउंट आबू प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में भी रात का तापमान गिरकर 13.5 डिग्री पर पहुंच गया।
अलवर में कोहरा, कुछ जिलों में छाए बादल
शुक्रवार को अजमेर समेत कुछ जिलों में हल्के बादल नजर आए। वहीं, अलवर में सुबह के समय कोहरा छाया रहा। जयपुर में दिनभर तेज धूप निकली, हालांकि दोपहर बाद कुछ इलाकों में हल्की धुंध भी देखने को मिली। राजधानी में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले सात दिन मौसम में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के मुताबिक, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान दिन में धूप निकलेगी और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। यानी लोगों को दिन में हल्की गर्मी और रात में ठंड का अहसास होता रहेगा।