जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के वैशाली नगर स्थित अमरपाली सर्किल पर एक काली महिंद्रा थार से खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे एसयूवी चालक ने चौराहे के बीच तेज रफ्तार में गाड़ी घुमाते हुए करीब 10 चक्कर लगाए। इस दौरान वहां मौजूद एक युवक रील बना रहा था, जो गाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बचा।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। वीडियो में दिख रहा है कि थार चालक चौराहे के बीच लगातार गोल-गोल गाड़ी घुमा रहा है। तेज रफ्तार में किए जा रहे इस स्टंट से सड़क पर मौजूद दूसरे लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।
वीडियो सामने आने के बाद वैशाली नगर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। थाना प्रभारी अरविंद सिंह शेखावत ने बताया कि पुलिस तक घटना का वीडियो पहुंचा है। फिलहाल अमरपाली सर्किल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के जरिए चालक की पहचान करने में जुटी है। थाना प्रभारी ने कहा कि चालक का पता चलने के बाद उसके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।