राजस्थान में मानसून पर ब्रेक, पहली बार पूरे प्रदेश में नहीं हुई बारिश; 40 डिग्री के करीब पहुंचा पारा

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, August 29, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में मानसून के बीच शुक्रवार को पहली बार ऐसा दिन रहा, जब प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं हुई। बारिश थमने और तेज धूप निकलने से जयपुर, टोंक, अलवर समेत 15 शहरों में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा रहा। श्रीगंगानगर में तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून का यह ब्रेक सितंबर के पहले सप्ताह में खत्म होने की उम्मीद है।

कम बारिश के चलते राजस्थान के 17 जिलों में सूखे जैसे हालात बने हुए हैं। पाली में इस साल सबसे कम बारिश हुई है, जबकि जालोर, बांसवाड़ा, जैसलमेर और उदयपुर भी कम बारिश वाले प्रमुख जिलों में शामिल हैं। शुक्रवार को जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहा। कई जगह तापमान में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे गर्मी और उमस फिर बढ़ गई।

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, सितंबर के पहले सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में एक नया वेदर सिस्टम बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 4-5 सितंबर से राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। फिलहाल मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर खिसकी हुई है और अमृतसर, देहरादून, लखीमपुर खीरी होते हुए बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। आने वाले दिनों में इसके सामान्य स्थिति में लौटने की उम्मीद है।

शुक्रवार को जयपुर में 35.4, जोधपुर में 35.4, सीकर में 38, कोटा में 33.1, अजमेर में 32.4 और उदयपुर में 31.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। अलवर में पारा करीब 35 डिग्री रहा। श्रीगंगानगर दिन का सबसे गर्म शहर रहा। अगले कुछ दिनों तक कई इलाकों में मौसम साफ और गर्म रहने की संभावना है, जबकि सितंबर की शुरुआत में बारिश लौटने से लोगों को राहत मिल सकती है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.