राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 7 जिलों में ऑरेंज और 24 में यलो अलर्ट

Photo Source : Google

Posted On:Monday, August 10, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग ने सोमवार से प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में तेज बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। आज 7 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट और 24 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश का सिलसिला 13 अगस्त तक जारी रह सकता है। इसके बाद 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान और 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

रविवार को भी राजस्थान के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। जयपुर में लगातार बारिश के चलते कानोता बांध छलक गया, जबकि बाड़मेर और बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में तेज बारिश के बाद सड़कें जलमग्न हो गईं। हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर के कई इलाकों में भी बारिश हुई। बारां के शाहबाद में करीब दो इंच पानी बरसा।

शाहबाद में 48 MM, श्रीडूंगरगढ़ में 37 MM बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा और बीकानेर संभाग के कई इलाकों में बारिश रिकॉर्ड की गई। बारां के शाहबाद में सबसे ज्यादा 48 MM बारिश हुई। इसके अलावा श्रीडूंगरगढ़ में 37 MM, हनुमानगढ़ के भादरा में 31 MM, जोधपुर के भोपालगढ़ में 30 MM, माउंट आबू में 25 MM, अनूपगढ़ में 24 MM और हिंदूमलकोट में 17 MM बारिश दर्ज की गई।

अजमेर, दौसा, टोंक और उदयपुर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। कुछ जगह हल्की बारिश और बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहा।

बाड़मेर में ढाई घंटे में 33.6 MM पानी

बाड़मेर में रविवार रात करीब 9 बजे एक सप्ताह बाद तेज बारिश हुई। करीब ढाई घंटे तक हुई बारिश में 33.6 MM पानी बरसा। इसके बाद शहर की कई सड़कें जलमग्न हो गईं। रेलवे स्टेशन, सब्जी मंडी, किसान हॉस्टल, हॉस्पिटल रोड, विवेकानंद सर्किल और कलेक्ट्रेट परिसर जैसे इलाकों में दो से चार फीट तक पानी भर गया।

निचले इलाकों में पानी दुकानों और घरों तक पहुंच गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई।

बारिश के बाद तापमान में गिरावट

बारिश का असर राजस्थान के तापमान पर भी पड़ा है। नागौर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और प्रतापगढ़ में अधिकतम तापमान करीब दो डिग्री तक नीचे आया। हालांकि झुंझुनूं, अलवर और चूरू में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रविवार को प्रदेश में किसी भी शहर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार नहीं गया। बाड़मेर 39.9 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। जैसलमेर में 38.3, चूरू में 35, जालोर में 34.7, दौसा में 35, झुंझुनूं में 33.8, जोधपुर में 33.7 और बीकानेर में 34 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।

सामान्य स्थिति में लौटा मानसून सिस्टम

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और इससे लगे छत्तीसगढ़ क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ भी अपनी सामान्य स्थिति में लौट आई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के इलाकों में साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी सक्रिय है। इन सिस्टम के प्रभाव से 10 और 11 अगस्त को दक्षिणी और पूर्वी राजस्थान में कई जगह मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में भारी से अतिभारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

जयपुर में कानोता बांध छलका

जयपुर में रविवार सुबह से दोपहर तक कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। चारदीवारी, सिरसी रोड, वैशाली नगर, कालवाड़ रोड, आमेर और कलेक्ट्रेट समेत कई जगह जलभराव की स्थिति बनी। लगातार बारिश के बाद कानोता बांध भरकर छलकने लगा।

जयपुर जिले में रामपुरा डाबड़ी में 28 MM, तूंगा में 19 MM, चाकसू में 18 MM, जयपुर कलेक्ट्रेट में 17 MM, शाहपुरा में 13 MM, चौमूं और कालवाड़ में 8-8 MM तथा बस्सी में 7 MM बारिश रिकॉर्ड की गई। जयपुर का अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री रहा।

बड़े शहरों में भी बदला मौसम

अलवर में दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर बाद धूप निकलने से उमस बढ़ गई। अजमेर में हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री दर्ज किया गया। उदयपुर में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।

जोधपुर में दोपहर बाद कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई और अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 26.8 डिग्री रहा। वहीं सीकर में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया।

14 अगस्त से बारिश में आएगी कमी

मौसम विभाग के मुताबिक 10 से 13 अगस्त तक राजस्थान में बारिश का दौर सक्रिय रहेगा। 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगेंगी। इसके बाद 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में भी बारिश में कमी आने की संभावना है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.