जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर जयपुर में बीजेपी और कांग्रेस के अंदर टिकट बंटवारे को लेकर नाराजगी सामने आने लगी है। बीजेपी ने जयपुर के अलग-अलग वार्डों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। वार्ड 149 से टिकट नहीं मिलने पर अंजलि गौतम नामांकन भरने पहुंची थीं, लेकिन वहां उन्हें पता चला कि पार्टी ने उनका टिकट काट दिया है। इसके बाद वह भावुक होकर रोने लगीं और बिना नामांकन किए वापस लौट गईं।
अंजलि गौतम ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की जगह ‘भाई साहब-भाई साहब’ कहकर जी-हुजूरी करने वालों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यकर्ताओं का इस्तेमाल केवल भीड़ जुटाने के लिए किया जाता है। अंजलि ने यह भी दावा किया कि अब उन्हें धमकियां मिल रही हैं।
उधर, हवामहल विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही पार्टी के जयपुर शहर अध्यक्ष सुनील शर्मा के खिलाफ विरोध शुरू हो गया। सोमवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सुनील शर्मा का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने उन पर अल्पसंख्यक समुदाय की अनदेखी करने का आरोप लगाया। वहीं मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 74 से कांग्रेस ने विचार व्यास को प्रत्याशी बनाया है। अधिकृत घोषणा के बाद उन्होंने जगतपुरा स्थित रिटर्निंग ऑफिसर कार्यालय पहुंचकर नामांकन दाखिल किया।
कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों में वार्ड 72 से सुमन भाटी, वार्ड 116 से संजीदा, वार्ड 128 से मोहम्मद सोहेल मंसूरी, वार्ड 129 से महेश कुमार सामरिया, वार्ड 132 से दशरथ अटल और वार्ड 74 से विचार व्यास के नाम शामिल हैं। टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों में सामने आ रही नाराजगी ने जयपुर के निकाय चुनाव से पहले सियासी माहौल गर्म कर दिया है।