जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़े एनएसयूआई (NSUI) के तीन नेताओं ने अब अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि सरकार की ओर से ठोस आश्वासन मिलने तक वे नीचे नहीं उतरेंगे और केवल पानी पीकर ही आंदोलन जारी रखेंगे।
प्रदर्शन कर रहे विजयपाल कुड़ी, वियोना जाट और कोशेन खान गुरुवार सुबह गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास टोंक फाटक स्थित ओवरहेड पानी की टंकी पर चढ़े थे। तब से तीनों वहीं डटे हुए हैं।
विजयपाल कुड़ी ने बताया कि उनके पास करीब पांच लीटर पानी है। पहले वे अपने साथ खाना और एक रस्सी भी लेकर गए थे, ताकि जरूरत पड़ने पर नीचे से भोजन मंगाया जा सके। लेकिन अब उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का ऐलान कर दिया है और केवल पानी पीकर आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है।
उन्होंने बताया कि गुरुवार रात एक पुलिस अधिकारी ने उनसे मुलाकात कर उपमुख्यमंत्री से बैठक कराने का भरोसा दिया था। हालांकि प्रदर्शनकारियों का कहना है कि केवल बातचीत नहीं, बल्कि छात्रसंघ चुनाव बहाल करने को लेकर सरकार की ओर से ठोस फैसला चाहिए। जब तक ऐसा नहीं होता, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे।
विजयपाल कुड़ी ने यह भी बताया कि टंकी पर चढ़ने के बाद से तीनों को शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल सकी हैं। उन्होंने कहा कि इसी वजह से वे कम पानी पी रहे हैं और अब तक शौच नहीं गए हैं, जिससे स्थिति लगातार चुनौतीपूर्ण होती जा रही है।
गांधी नगर के सहायक पुलिस आयुक्त नारायण बाजिया ने कहा कि पुलिस लगातार छात्रों के संपर्क में है और उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एनएसयूआई के प्रवक्ता रमेश भाटी ने कहा कि सरकार की ओर से कोई सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण उनके साथियों को भूख हड़ताल शुरू करनी पड़ी। संगठन का कहना है कि कुछ वर्ष पहले स्थगित किए गए छात्रसंघ चुनाव जल्द से जल्द बहाल किए जाएं।