जयपुर न्यूज डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम का असर राजस्थान में साफ दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को जयपुर, दौसा, सवाई माधोपुर, झालावाड़ और भरतपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। जयपुर में सुबह से शाम तक रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक इस सिस्टम के चलते प्रदेश में बारिश का दौर 6 सितंबर तक चल सकता है।
सवाई माधोपुर में सड़कें डूबीं, रास्ते बंद
सवाई माधोपुर में तेज बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। रणथंभौर में शेरपुर-खिलचीपुर की रपट पर पानी आने से सुबह ही रास्ता बंद करना पड़ा। खंडार में जलभराव के कारण कई लोग अपने घरों में फंस गए। वहीं, भरतपुर के डुमरिया गांव में बिजली गिरने से एक नाबालिग की मौत हो गई, जबकि उसके भाई समेत दो लोग झुलस गए।
झालावाड़ में करीब तीन घंटे लगातार बारिश के बाद कालीसिंध और छापी बांध के कुल पांच गेट खोल दिए गए। बारां में सिरसा नदी उफान पर है। कोटपूतली में भी तेज बारिश के कारण कई इलाकों की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। गुरुवार को भी भरतपुर, अलवर, धौलपुर, सवाई माधोपुर और करौली में तेज बारिश दर्ज की गई थी। सबसे ज्यादा 54 एमएम बारिश भरतपुर के उच्चैन में हुई।
कई संभागों में तेज बारिश का अलर्ट
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार नए सिस्टम के प्रभाव से शुक्रवार को भरतपुर, जयपुर, बीकानेर, अजमेर और कोटा संभाग के कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं। गुरुवार को बूंदी, बारां, कोटा, दौसा और जयपुर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
बारिश से 6 डिग्री तक गिरा तापमान
बारिश और लगातार बादल छाए रहने से राजस्थान के कई जिलों में तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अलवर, भीलवाड़ा, कोटा और करौली में अधिकतम तापमान करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। कोटा में सबसे कम अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, श्रीगंगानगर में प्रदेश का सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रहा।