जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और फलोदी क्षेत्रों में गुरुवार को मानसून ने दस्तक दी, लेकिन इसकी शुरुआत काफी कमजोर रही। हालांकि शुक्रवार दोपहर श्रीगंगानगर में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने प्रदेश के छह जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
पूर्वी राजस्थान के अजमेर, बारां, करौली और धौलपुर में गुरुवार को हल्की बारिश हुई। इसके बावजूद मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में मानसून की गतिविधियां अब कमजोर पड़ने लगी हैं और आने वाले दिनों में बारिश की रफ्तार धीमी रह सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 11 जुलाई से राजस्थान में मानसून के कमजोर चरण की शुरुआत होने जा रही है। यह ब्रेक करीब एक सप्ताह तक बना रह सकता है, जिससे कई इलाकों में बारिश की कमी देखने को मिल सकती है।
अब तक प्रदेश में औसतन 95 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, जुलाई में भी कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।