जयपुर न्यूज डेस्क: मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी महसूस किया जाने लगा है। ईरान और इजराइल के बीच जारी संघर्ष तथा अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में लगाई गई अस्थायी पाबंदियों के चलते जयपुर एयरपोर्ट से संचालित कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अगले आदेश तक स्थगित कर दी गई हैं। जयपुर से गल्फ देशों के लिए उड़ान भरने वाली चार प्रमुख फ्लाइटों के रद्द होने से यात्रियों में अफरातफरी का माहौल है। एयरलाइंस और एयरपोर्ट प्रशासन हालात पर करीबी नजर रखे हुए हैं।
एहतियात के तौर पर कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने अपने शेड्यूल में अस्थायी बदलाव किए हैं। इससे यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। अनेक यात्री अब टिकट रिफंड या नई बुकिंग को लेकर एयरलाइन काउंटरों और ग्राहक सेवा केंद्रों से संपर्क कर रहे हैं।
मौजूदा स्थिति को देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि मिडिल ईस्ट क्षेत्र में बढ़ते तनाव के कारण कई अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर अस्थायी प्रतिबंध लागू हैं, जिससे उड़ानों के समय या रूट में बदलाव की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने कहा है कि देरी, रद्दीकरण या वैकल्पिक रूट से उड़ान संचालन जैसी स्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी फ्लाइट की अद्यतन जानकारी प्राप्त करें। बिना पुष्टि के एयरपोर्ट न पहुंचने और अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई है। सूत्रों के अनुसार, दुबई और शारजाह मार्गों पर चलने वाली उड़ानों पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ा है। जब तक मध्य-पूर्व की स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक उड़ान संचालन में अनिश्चितता बनी रहेगी।