जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के मेयर चुनाव की तारीख तय हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक इन तीनों नगर निगमों के साथ सुकेत नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए भी 25 सितंबर को मतदान होगा। उम्मीदवार 18 और 19 सितंबर को नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 21 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 22 सितंबर को नाम वापसी की अंतिम तारीख होगी।
इससे पहले राज्य निर्वाचन आयोग ने 15 सितंबर को 305 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की थी। इसमें जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम तथा सुकेत नगरपालिका को अलग रखा गया था। इन 305 निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव 21 और 22 सितंबर को होने हैं।
जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में अब सभी सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं। शुरुआती 146 वार्डों में बीजेपी ने 78, कांग्रेस ने 53 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 15 सीटें जीती थीं। बाद में चार वार्डों में हुए पुनर्मतदान में कांग्रेस ने चारों सीटें जीत लीं, जिससे उसका आंकड़ा 57 हो गया, जबकि बीजेपी 78 और निर्दलीय 15 सीटों पर हैं।
राजस्थान के 10 नगर निगमों में भी नतीजों के बाद मेयर चुनाव को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। उपलब्ध नतीजों के अनुसार बीजेपी ने जयपुर, उदयपुर, भीलवाड़ा और कोटा नगर निगम में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि कांग्रेस को बीकानेर नगर निगम में बहुमत मिला है। कुछ अन्य नगर निगमों में निर्दलीय पार्षदों की संख्या महत्वपूर्ण है। अब 25 सितंबर को होने वाले मेयर चुनाव में निर्वाचित पार्षद मतदान करेंगे और उसी दिन जयपुर, जोधपुर, कोटा के मेयर तथा सुकेत नगरपालिका के अध्यक्ष का चुनाव होगा।