जयपुर में न्यू सांगानेर रोड पर चला जेडीए का बुलडोजर, 50 से ज्यादा मकान-दुकानों के अवैध निर्माण हटाए

Photo Source : Google

Posted On:Monday, October 5, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की तैयारी के बीच सोमवार को जेडीए ने अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक करीब 3 किलोमीटर के हिस्से में 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं। पहले चरण में 50 से ज्यादा मकान और दुकानों के बाहर किए गए निर्माण पर बुलडोजर चलाया गया।

सोमवार को गुर्जर की थड़ी चौराहे से लजीज रेस्टोरेंट तक करीब 1 किलोमीटर के हिस्से में सड़क सीमा में आ रहे रैम्प, रेलिंग, फुटपाथ, टिनशेड, सीढ़ियां और बाउंड्री वॉल हटाई गईं। कार्रवाई के दौरान एक दुकान की टिनशेड पर बुलडोजर चलाया जा रहा था, लेकिन व्यापारी बार-बार कहने के बावजूद अंदर ही खड़ा रहा। इसके बाद भी जेडीए की कार्रवाई जारी रही।

न्यू सांगानेर रोड की चौड़ाई 100 फीट है, लेकिन कई जगह अवैध निर्माण के चलते सड़क सिर्फ 40 से 60 फीट तक ही रह गई है। राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब सड़क को तय चौड़ाई में लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। जेडीए को 6 अक्टूबर को हाईकोर्ट में अब तक की कार्रवाई की पालना रिपोर्ट पेश करनी है। कार्रवाई से पहले संबंधित निर्माण मालिकों को नोटिस भी दिए जा चुके थे।

जेडीए की कार्रवाई को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और गुर्जर की थड़ी से न्यू सांगानेर रोड पर संजीवनी हॉस्पिटल की तरफ जाने वाला रास्ता बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया। इस बीच कई व्यापारियों ने खुद भी अवैध निर्माण हटाना और दुकानें खाली करना शुरू कर दिया। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार के समय कार्रवाई होने से उनके कारोबार पर असर पड़ेगा और रोजी-रोटी को लेकर चिंता बढ़ गई है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.