जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर की बड़ी मिठाई दुकानों ने जोमैटो पर “अनैतिक तरीके” अपनाने और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए प्लेटफॉर्म का अनिश्चितकाल के लिए बहिष्कार कर दिया है। दुकानदारों का कहना है कि जब तक उनकी शिकायतों का समाधान नहीं होता, तब तक वे जोमैटो के साथ काम नहीं करेंगे।
जयपुर के प्रमुख हलवाई कारोबारियों की संस्था श्री हलवाई समिति ने इस बहिष्कार का ऐलान किया है। समिति का कहना है कि जोमैटो की मौजूदा नीतियां दुकानदारों के लिए आर्थिक रूप से फायदेमंद नहीं हैं और इनकी वजह से कारोबार पर दबाव बढ़ रहा है।
प्रसिद्ध लक्ष्मी मिष्ठान भंडार (एलएमबी) के मालिक अजय अग्रवाल ने कहा कि जब 2015-16 में जोमैटो की शुरुआत हुई थी, तब कंपनी ने खुद को सिर्फ डिलीवरी के लिए लॉजिस्टिक पार्टनर बताया था और उस समय कोई कमीशन नहीं लिया जाता था। उनके मुताबिक अब कमीशन न्यूनतम 10-12 फीसदी से लेकर 25 फीसदी तक पहुंच गया है।
अजय अग्रवाल ने यह भी कहा कि कमीशन में लगातार बढ़ोतरी से मिठाई दुकानों के लिए जोमैटो के जरिए कारोबार करना आर्थिक रूप से मुश्किल होता जा रहा है। समिति का कहना है कि दुकानदारों की चिंताओं का समाधान होने तक बहिष्कार जारी रहेगा।