जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में घुमंतू, विमुक्त और अर्धघुमंतू (डीएनटी) समाज की महापंचायत के बाद बुधवार शाम प्रदर्शन हिंसक हो गया। विद्याधर नगर स्टेडियम में महापंचायत समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने लगे। पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, इसके बाद भीड़ ने पुलिसकर्मियों और आसपास मौजूद स्थानीय लोगों पर पथराव किया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल की सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सकारात्मक बातचीत कराई गई थी। इसके बावजूद कुछ लोग उग्र हो गए और सुरक्षा घेरा तोड़ने की कोशिश की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया और पुलिस पर पथराव भी किया।
घटना में पुलिसकर्मियों और स्थानीय नागरिकों समेत 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस कार्रवाई में कुछ प्रदर्शनकारी भी चोटिल हुए। पुलिस ने करीब 50 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। महापंचायत में डीएनटी समाज ने 10 प्रतिशत अलग आरक्षण, सरकारी रिकॉर्ड में जातियों की त्रुटियां सुधारने, पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों में आरक्षण, आवासीय भूमि के पट्टे, रोजगार, शिक्षा और अलग मंत्रालय समेत कई मांगें सरकार के सामने रखीं। समाज ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।