जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक दिलचस्प खबर सामने आई है, जहाँ जयपुर नगर निगम का आधिकारिक शिकायत पोर्टल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। आमतौर पर सरकारी पोर्टलों पर कठिन और औपचारिक शब्दावली देखने को मिलती है, लेकिन इस वेबसाइट पर शिकायतों की श्रेणियां बिल्कुल आम बोलचाल की हिंदी भाषा में दर्ज की गई हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक यूजर द्वारा शेयर किए गए स्क्रीनशॉट्स में देखा जा सकता है कि बेवारस पशुओं, मृत जानवरों और कचरा गाड़ियों से जुड़ी समस्याओं के लिए बेहद ही व्यावहारिक विकल्प दिए गए हैं। जैसे- "Dog बहुत हो गए हैं", "Monkey बहुत हो गए हैं", "Janwar मर गया है", "गाड़ी पर गाना नहीं बजता है" और "गाड़ी नहीं रुकती है तेजी से चली जाती है"। यह अनोखा अंदाज लोगों को बेहद पसंद आ रहा है।
इंटरनेट पर यूजर्स नगर निगम के इस कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यह 'यूजर फ्रेंडली' इंटरफेस आम नागरिकों की समझ को ध्यान में रखकर बनाया गया है, जिससे अपनी बात सरकारी अधिकारियों तक पहुँचाना बहुत आसान हो गया है। कई लोगों ने इसे "सीधी बात नो बकवास" का बेहतरीन उदाहरण बताया है।
पोर्टल पर न केवल जानवरों और कचरा प्रबंधन, बल्कि सड़क की सफाई और खाली प्लॉटों में फैले कचरे जैसी समस्याओं को भी इसी सरल अंदाज में शामिल किया गया है। सरकारी औपचारिकता से इतर, आम जनता की भाषा में तैयार की गई यह व्यवस्था अब सोशल मीडिया पर खूब बटोर रही है और चर्चा का केंद्र बनी हुई है।