जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने फुटपाथ पर बैठे एक परिवार को कुचल दिया। हादसे में पिता और उनके तीन मासूम बेटों की मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बच्चों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए और सभी लोग नाले में जा गिरे।
यह हादसा सुबह करीब 8:46 बजे श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाइपास स्थित कमला नेहरू नगर में हुआ। मृतकों की पहचान राजसमंद जिले के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश (40) और उनके बेटों रमेश (11), रतन (10) और दीपक (8) के रूप में हुई है।
हादसे में चंद्रप्रकाश की पत्नी कैलाशी (35) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। उनके दोनों पैर टूट गए हैं और उनका इलाज एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था परिवार
बताया जा रहा है कि बागरी समाज का यह परिवार वैशाली नगर के गांधी पथ पर फुटपाथ पर रहकर झाड़ू बनाकर बेचता था। मंगलवार सुबह पूरा परिवार गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर चढ़ गया और परिवार को कुचल दिया। तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चंद्रप्रकाश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायल महिला को नाले से बाहर निकाला गया। बाद में क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटाया गया। पुलिस फरार चालक और खलासी की तलाश में जुटी है।