जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में एक बाइक सवार युवक की सूझबूझ और इंसानियत की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। भारी ट्रैफिक में फंसी एक एंबुलेंस को रास्ता दिलाने के लिए युवक ने अपनी सुरक्षा की परवाह किए बिना आगे बढ़कर ट्रैफिक साफ कराया। इस पूरी घटना का वीडियो वायरल हो गया है और लोग उसे 'रियल लाइफ हीरो' बता रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर अभिमन्यु जैन नाम के युवक ने इस घटना का वीडियो साझा किया है। उन्होंने बताया कि रास्ते में उन्हें एक एंबुलेंस ट्रैफिक में फंसी दिखाई दी। यह समझते हुए कि मरीज के लिए हर सेकंड कीमती हो सकता है, वह तुरंत एंबुलेंस के आगे पहुंच गए और अगले चौराहे पर ट्रैफिक रुकवाकर उसके लिए रास्ता बनवाया।
अभिमन्यु ने सिर्फ एक चौराहे पर ही नहीं, बल्कि अगले जंक्शन पर भी ई-रिक्शा चालक को किनारे होने के लिए कहा ताकि एंबुलेंस बिना रुके आगे बढ़ सके। आखिरी हिस्से में उन्होंने एंबुलेंस को लंबा चक्कर लगाने से बचाने के लिए कुछ दूरी तक गलत दिशा में बाइक भी चलाई, जिससे एंबुलेंस तेजी से अपने गंतव्य की ओर निकल सकी।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अभिमन्यु की जमकर सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने उनकी बहादुरी और निस्वार्थ मदद की तारीफ करते हुए उन्हें जरूरतमंदों के लिए फरिश्ता बताया। लोगों का कहना है कि ऐसी इंसानियत समाज के लिए प्रेरणा है।