जयपुर न्यूज डेस्क: हैदराबाद से जयपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-913 बुधवार को खराब मौसम की वजह से तय समय पर उतर नहीं सकी। तेज बारिश और तेज हवाओं के कारण विमान को लैंडिंग के दौरान दोबारा उड़ान भरनी पड़ी और करीब 44 मिनट तक जयपुर के आसमान में चक्कर लगाने के बाद सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। फ्लाइट में करीब 120 यात्री सवार थे।
जानकारी के मुताबिक, विमान दोपहर 1:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने वाला था। पायलट ने लैंडिंग की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी, लेकिन रनवे के आसपास अचानक मौसम बिगड़ गया। तेज बारिश और तेज हवाओं के चलते सुरक्षित लैंडिंग संभव नहीं होने पर पायलट ने गो-अराउंड प्रक्रिया अपनाते हुए विमान को फिर से ऊंचाई पर ले लिया।
इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) के निर्देश पर विमान को जयपुर के आसपास होल्डिंग पैटर्न में रखा गया। इस दौरान विमान करीब 44 मिनट तक हवा में चक्कर लगाता रहा। लगातार उड़ान भरने के कारण कुछ यात्रियों में बेचैनी बढ़ गई, हालांकि पायलट और केबिन क्रू समय-समय पर उन्हें स्थिति की जानकारी देते रहे।
करीब 2:14 बजे मौसम में सुधार होने के बाद एटीसी ने दोबारा लैंडिंग की अनुमति दी। दूसरी कोशिश में पायलट ने विमान को सुरक्षित रूप से जयपुर एयरपोर्ट पर उतार दिया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
एविएशन विशेषज्ञों के अनुसार, खराब मौसम, कम दृश्यता या तेज क्रॉस विंड की स्थिति में गो-अराउंड एक सामान्य और पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया होती है। जब पायलट को लगता है कि लैंडिंग जोखिम भरी हो सकती है, तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले जाकर अनुकूल मौसम का इंतजार करता है।