राजस्थान में फिर बिगड़ा मौसम, भारी बारिश का अलर्ट; कई जिलों में स्कूल बंद

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, September 5, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान में मानसून एक बार फिर तेज हो गया है। प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम केंद्र जयपुर ने 5 सितंबर को कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। जयपुर, दौसा, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा और बारां में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ भारी से अतिभारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि सीकर, डीडवाना-कुचामन, अजमेर, नागौर, ब्यावर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, झालावाड़, अलवर, कोटपूतली-बहरोड़, झुंझुनूं, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर और धौलपुर के लिए येलो अलर्ट है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लगातार बारिश और नदी-नालों में बढ़ते पानी को देखते हुए कई जिलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

झालावाड़ में शनिवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। सवाई माधोपुर में भी भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है। करौली के टोडाभीम और आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। झालावाड़ में इस मानसून अब तक औसतन 740 एमएम बारिश दर्ज हो चुकी है, जबकि पिछले पूरे मानसून में 1087 एमएम बारिश हुई थी।

मौसम विभाग के अनुसार 5 सितंबर को भरतपुर और कोटा संभाग में कुछ जगहों पर भारी और एक-दो स्थानों पर बेहद भारी बारिश हो सकती है। जयपुर, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 6 और 7 सितंबर से भारी बारिश में धीरे-धीरे कमी आने की उम्मीद है, हालांकि भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग में बारिश जारी रह सकती है। 8 सितंबर से पूरे राजस्थान में बारिश की गतिविधियां काफी कम होने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले इलाकों, अंडरपास और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.