जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के फतेह टीबा, आदर्श नगर स्थित ब्लिंकिट के एक डार्क स्टोर में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की जांच में स्टोर के कोल्ड स्टोरेज का तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस मिला, जबकि वहां रखे खाद्य उत्पादों के लिए तापमान 5 डिग्री से कम होना जरूरी था। सुरक्षा को देखते हुए खाद्य कारोबारी की सहमति से करीब 800 पैकेट दूध से जुड़े उत्पाद मौके पर ही नष्ट कर दिए गए।
जांच के दौरान करीब 24 पैकेट अमूल बटर, 60 बोतल बॉम्बे बंटा जूस, 11 पाउच लो-फैट मिल्क, ट्रॉपिकाना जूस, एक पैकेट गाय का घी और करीब 1,400 मिलीलीटर अमूल टोंड मिल्क समेत कई खराब और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री भी मिली। विभाग ने इन सभी उत्पादों को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इसके अलावा डार्क स्टोर और कोल्ड रूम के आसपास पान मसाला और जर्दे के थूक के निशान, दीवारों पर गंदगी और थूक के निशान भी पाए गए।
अधिकारियों को स्टोर में खाद्य सामग्री रखने वाली कई लोहे की रैक भी क्षतिग्रस्त, गंदी और जंग लगी मिलीं। स्टोर में एयर कर्टेन नहीं था और कूड़ेदान की जगह खुली प्लास्टिक की बाल्टी का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य कर्मचारियों के मेडिकल जांच से जुड़े रिकॉर्ड भी उपलब्ध नहीं थे और कर्मचारी ग्लव्स का इस्तेमाल नहीं कर रहे थे। डीप फ्रीजर के अंदर पानी मिला और कुछ खाद्य उत्पाद भी खराब हालत में पाए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के तहत दूध, फूड घी और पेपर बोट कार्बोनेटेड वॉटर के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा। विभाग के मुताबिक, लैब रिपोर्ट में मिलावट या तय मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कंपनी और ऑनलाइन कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही स्टोर को मिली कमियों को दूर करने के लिए इम्प्रूवमेंट नोटिस भी जारी किया जाएगा। विभाग ने कहा कि ऑनलाइन डिलीवरी के लिए इस्तेमाल होने वाले सभी फूड स्टोर और वेयरहाउस को खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के तय मानकों का पालन करना जरूरी है।