जयपुर न्यूज डेस्क: हरमनप्रीत कौर की वैक्स प्रतिमा को लेकर पहले भी घोषणा की जा चुकी थी। दिसंबर 2025 में आई रिपोर्ट्स के मुताबिक, जयपुर वैक्स म्यूजियम की टीम ने उनसे मुलाकात कर प्रतिमा को वास्तविक रूप देने के लिए उनकी तस्वीरें, वीडियो और शरीर की माप ली थी। उस समय उन्हें दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बताया गया था, जिनकी वैक्स प्रतिमा तैयार की जा रही है।
इस प्रतिमा को बनाने की प्रक्रिया में हरमनप्रीत का सहयोग भी लिया गया था। म्यूजियम के फाउंडर अनूप श्रीवास्तव के मुताबिक, उनकी मुलाकात के दौरान तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए गए थे, ताकि चेहरे के भाव और शारीरिक बनावट को सही तरीके से दिखाया जा सके। हरमनप्रीत ने भी इस सम्मान के लिए म्यूजियम का आभार जताया था और अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जाहिर की थी।
वहीं, हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 2 नवंबर 2025 को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रन बनाए थे, जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम 246 रन पर सिमट गई थी। इस ऐतिहासिक जीत में शेफाली वर्मा ने 87 रन और दीप्ति शर्मा ने 58 रन बनाए थे। दीप्ति ने गेंदबाजी में भी पांच विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई थी।