जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के करधनी इलाके में बुधवार रात एक हिस्ट्रीशीटर की कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने पहले पिकअप वाहन से उसकी एसयूवी को टक्कर मारकर रोका और फिर उस पर हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसे घेर लिया और लगातार वार किए। हत्या के बाद सभी आरोपी अपने वाहन से मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान जॉबनेर निवासी विजय बाजिया के रूप में हुई है। वह जॉबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर था। बुधवार रात करीब 8 बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर से जॉबनेर से जयपुर जा रहा था। इसी दौरान जगदंबा नगर में कैंपर सवार चार से छह लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पहले अपनी गाड़ी से उसकी फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी और फिर नीचे उतरकर उस पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने विजय को घेरकर कई बार वार किए। करीब पांच मिनट तक चले इस हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से हमले के वीडियो भी रिकॉर्ड किए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। आरोपियों की तलाश के लिए पूरे इलाके में विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई है।
पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच एक मामले को लेकर पुरानी रंजिश सामने आई है। जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी पिछले कई दिनों से विजय की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। बुधवार रात उन्होंने कैंपर से उसकी फॉर्च्यूनर का पीछा किया। विजय ने कॉलोनी की गलियों से निकलकर बचने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने गाड़ी में टक्कर मारकर उसे रोक लिया और भागने के दौरान उस पर हमला कर दिया।
एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना का सीसीटीवी फुटेज पुलिस के पास है। फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपियों ने हमले की जगह और समय पहले से तय कर रखा था। इससे पता चलता है कि वे कई दिनों से विजय का पीछा कर रहे थे। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।