जयपुर में खाटू श्याम से लौट रहे आगरा के 4 दोस्तों की मौत, टायर फटने से 30 फीट गहरी खाई में गिरी कार

Photo Source : Google

Posted On:Friday, October 23, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान के जयपुर में हुए सड़क हादसे में आगरा के चार दोस्तों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। सभी दोस्त खाटू श्याम के दर्शन करके लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उनकी तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार का टायर फट गया, जिससे ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। कार सड़क किनारे करीब 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसा रायसर में नेशनल हाईवे-148 (दौसा-मनोहरपुर) के पास हुआ।

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान आगरा के अतुल वार्ष्णेय (35), मुकुल जायसवाल (21), रूपेश जाटव (25) और शिवा सिंह (20) के रूप में हुई है। वहीं, राहुल शर्मा (36) और अर्पित बंसल (20) घायल हैं। दोनों को जयपुर के निम्स हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद करीब एक घंटे तक धीमी रही ट्रैफिक की रफ्तार

पुलिस के मुताबिक, आगरा के रामबाग निवासी अतुल, नुनिहाई के राहुल, बलकेश्वर के अर्पित और कालिंदी विहार के मुकुल, रूपेश व शिवा खाटू श्याम के दर्शन करने गए थे। वापसी के दौरान उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के कारण मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम जैसे हालात बने रहे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद पुलिस ने यातायात सामान्य कराया और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को सड़क से हटवाया।

एकादशी पर भजन-कीर्तन का लाइव प्रसारण करने गए थे अतुल

अतुल के छोटे भाई रोहित वार्ष्णेय ने बताया कि उन्हें शुक्रवार सुबह 7 बजे पुलिस से हादसे की जानकारी मिली। उनके मुताबिक, अतुल 21 अक्टूबर को अपने दोस्तों और स्टाफ के साथ आगरा से खाटू श्याम गए थे। 22 अक्टूबर को एकादशी के मौके पर उन्हें वहां होने वाले भजन-कीर्तन का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण करना था। कार्यक्रम का लाइव कवरेज पूरा करने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। हादसे के वक्त कार राहुल शर्मा चला रहे थे। यह गाड़ी अतुल के नाम पर थी।

अतुल की शादी 2016 में सिम्मी वार्ष्णेय से हुई थी। उनकी तीन बेटियां हैं, जिनमें रुद्रांशी (9), ख्याति (5) और तृषा (3 महीने) शामिल हैं। उनके पिता वीरेंद्र घर के नीचे परचून की दुकान चलाते हैं और परिवार पहली मंजिल पर रहता है। अतुल शादियों में फोटोग्राफी करने के साथ-साथ कार्यक्रमों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी करते थे।

यूट्यूब चैनल पर 1.64 लाख सब्सक्राइबर

रोहित ने बताया कि अतुल ‘डब्ल्यूएच स्टूडियो’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते थे। चैनल पर करीब 1.64 लाख सब्सक्राइबर हैं और अब तक 786 वीडियो अपलोड किए जा चुके हैं। अतुल फोटोग्राफी और लाइव कवरेज के जरिए अपना काम संभालते थे।

राजस्थान में तेज रफ्तार से हो रहे सड़क हादसे

ट्रांसपोर्ट और पुलिस विभाग के आंकड़ों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं के मामले में राजस्थान देश में छठे स्थान पर है। साल 2025 में राज्य में कुल 23,820 सड़क हादसे हुए, जिनमें से 15,647 दुर्घटनाओं की वजह तेज रफ्तार बताई गई। इन हादसों में करीब 7,600 लोगों की जान चली गई।

आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में पिछले साल के मुकाबले सड़क हादसों की संख्या में कमी आई, लेकिन मरने वालों की संख्या बढ़ गई। साल 2024 की तुलना में 2025 में 1,018 हादसे कम हुए, फिर भी 307 ज्यादा लोगों की मौत हुई। कुल दुर्घटनाओं में करीब 63 फीसदी हादसे तेज रफ्तार के कारण हुए।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.