जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान के भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर जयपुर के एक नाइट क्लब में जन्मदिन मनाने पहुंचे दो कैदी हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए हैं। दोनों कैदियों ने रविवार शाम जेल की रोल कॉल में हिस्सा नहीं लिया और करीब 190 किलोमीटर दूर जयपुर पहुंच गए। घटना के बाद ओपन जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब 2:30 बजे मानसरोवर स्थित इक्का-द क्लब में जन्मदिन की पार्टी के दौरान विवाद हो गया। यहां हत्या के दोषी कुलदीप उर्फ कल्लू गुर्जर अपना जन्मदिन मना रहा था। वह हत्या के मामले में सजा काट रहा है, जबकि उसके साथ आया राजेश गुर्जर दुष्कर्म के मामले में सजा भुगत रहा है। दोनों भरतपुर ओपन जेल से बिना अनुमति जयपुर पहुंचे थे।
मृतक की पहचान धौलपुर के बखेड़ी गांव निवासी 25 वर्षीय अन्नू गुर्जर के रूप में हुई है, जो कुलदीप का चचेरा भाई था। पुलिस के अनुसार, विवाद तब शुरू हुआ जब अन्नू ने पार्टी में मौजूद एक युवती को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद कुलदीप के दोस्त अनुज गुर्जर और उसके साथियों ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे अन्नू गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोपी घायल अन्नू को जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में पुलिस ने दोनों कैदियों समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब हत्या में भरतपुर ओपन जेल के दोनों कैदियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।