जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर जा रही एक शिक्षिका ने बस में तीन युवकों पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, विरोध करने और शोर मचाने के बावजूद बस में मौजूद यात्रियों ने उनकी मदद नहीं की। घटना के बाद उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के करीब 40 दिन बाद रकाबगंज थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
पीड़िता जयपुर की रहने वाली हैं और एक कॉन्वेंट स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके मुताबिक, 12 अगस्त को लखनऊ से लौटने के दौरान वह आईएसबीटी पर उतरीं और ऑटो से ईदगाह पहुंचीं। इसके बाद उन्होंने एक ट्रैवल एजेंसी की बस पकड़ी। बस में 25 से ज्यादा यात्री थे और वह पीछे की सीट पर बैठी थीं। रास्ते में बस एक ढाबे पर रुकी, जहां यात्री चाय-नाश्ते के लिए नीचे उतरे। इसी दौरान तीन युवक उनकी सीट के पास आकर बैठ गए और उन्हें घूरने लगे।
महिला का आरोप है कि कुछ देर बाद एक युवक उनकी सीट के पास खड़ा हो गया और अचानक उनके ऊपर गिर गया। विरोध करने पर वह कथित तौर पर हंसने लगा और फिर मोबाइल पर किसी से बात करने लगा। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इसके बाद युवक ने उनके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। उनका कहना है कि उन्होंने मदद के लिए शोर भी मचाया, लेकिन किसी यात्री ने उनकी सहायता नहीं की। वह किसी तरह बस से अपने घर पहुंचीं और बाद में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद जांचकर्ता ने उनसे संपर्क किया।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि महिला ने 26 अगस्त को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी और बाद में पुलिस से संपर्क किया। महिला को बस का नंबर याद नहीं है और वह टिकट भी उपलब्ध नहीं करा सकीं। जिन युवकों पर आरोप लगाया गया है, उनकी पहचान की जानकारी भी महिला के पास नहीं है। पुलिस अब ट्रैवल एजेंसी संचालकों से संपर्क कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महिला किस बस से यात्रा कर रही थीं और उस बस में कौन-कौन यात्री मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि बस और आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।