जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसकी तीन साल की बेटी की मौत हो गई। सांगानेर स्टेडियम के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में मृतक की पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल हुए हैं और दोनों का जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही मालपुरा गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद 35 वर्षीय विष्णु और उसकी तीन साल की बेटी को मृत घोषित कर दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार, विष्णु मूल रूप से भरतपुर का रहने वाला था और परिवार के साथ जयपुर के दुर्गापुरा इलाके में रह रहा था। रविवार रात वह पत्नी और दोनों बच्चों के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान चौरड़िया पेट्रोल पंप की तरफ से सांगासेतु पुलिया की ओर जा रही कार ने सांगानेर स्टेडियम के पास बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक समेत परिवार के चारों सदस्य कई मीटर दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद कार चालक मौके पर रुकने के बजाय भागने लगा। पुलिस के मुताबिक, भागने के दौरान उसने करीब छह अन्य वाहनों को भी टक्कर मार दी।
मालपुरा गेट थाना प्रभारी उदयभान यादव ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने कार को पकड़ने के लिए रास्तों पर नाकाबंदी कराई। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए आरोपी चालक को प्रतापनगर के हल्दीघाटी गेट के पास पकड़ लिया।
पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, चालक की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना के समय वह किस स्थिति में था, इन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।