जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के हरमाड़ा थाना इलाके में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रविवार दोपहर करीब तीन बजे लोहा मंडी के पास हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों करीब 20 फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। घायल दंपती को तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सोमवार को इस हादसे का वीडियो भी सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मारती नजर आ रही है। हरमाड़ा थाना प्रभारी उदयभान के अनुसार, तरुपति विहार निवासी पुष्पेंद्र सिंह अपनी पत्नी वंदना कंवर के साथ बाइक से सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पति-पत्नी को सीकेएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है। भाजपा कार्यकर्ता गजेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों को कई जगह फ्रैक्चर आए हैं और उनका इलाज ICU में चल रहा है।
वहीं, जयपुर शहर में एक अन्य दर्दनाक हादसे में कार चला रही महिला लेक्चरर ने 15 महीने की मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाली महिला अपनी कार को पीछे कर रही थी। इसी दौरान बच्ची कार के पिछले टायर के नीचे आ गई। आरोपी महिला शहर की एक निजी यूनिवर्सिटी में लेक्चरर बताई जा रही है।