जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में मृत महिला को जीवित दिखाकर एसबीआई बैंक से 6.30 लाख रुपये की पेंशन हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला के बेटे ने अपनी गर्लफ्रेंड और बैंक मैनेजर की मिलीभगत से फर्जी जीवित प्रमाण पत्र के जरिए वर्षों तक पेंशन की राशि निकालकर बैंक को चूना लगाया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लालचंद ने अपनी गर्लफ्रेंड खुशबू दीक्षित उर्फ नेहा और तत्कालीन एसबीआई बैंक मैनेजर सिराज अहमद कुरैशी के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। लालचंद की मां शांति देवी का 2 मई 2021 को निधन हो चुका था, लेकिन उन्हें जीवित दिखाकर नगर निगम की पेंशन लगातार बैंक खाते में आती रही। आरोपियों ने एटीएम कार्ड और फर्जी दस्तावेजों के जरिए करीब 6.30 लाख रुपये निकाल लिए।
मामले का खुलासा बैंक की आंतरिक जांच के दौरान हुआ। राजपार्क एसबीआई शाखा के प्रबंधक की शिकायत पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। नगर निगम से मिले मृत्यु प्रमाण पत्र में शांति देवी की मौत की पुष्टि होने के बाद धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया। जांच में बैंक मैनेजर की भूमिका भी सामने आने पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने फर्जी जीवित प्रमाण पत्र तैयार कर बैंक को गुमराह किया और पेंशन की राशि का गबन किया। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है कि इस धोखाधड़ी में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।