जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के विद्याधरनगर में सोमवार देर रात आपसी विवाद को सुलझाने के लिए हुई बैठक खूनी झड़प में बदल गई। मंदिर मोड़ पर रात करीब 11:30 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आए और विवाद बढ़ने के बाद चाकू चल गए। हमले में 22 वर्षीय शाकिर की मौत हो गई, जबकि उसका 38 वर्षीय बड़ा भाई कय्यूम घायल हो गया। शाकिर के घर में 10 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच एक दिन पहले शराब पीने के दौरान भी कहासुनी हुई थी। सोमवार रात मामला शांत कराने और राजीनामा करने के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था। इसी दौरान विवाद फिर बढ़ गया। एसीपी शास्त्री नगर दिलीप कुमार मीणा ने बताया कि झगड़ा किस वजह से शुरू हुआ और वारदात में कितने लोग शामिल थे, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने कुछ युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
घायल कय्यूम ने पुलिस को बताया कि भट्टा बस्ती के कुछ युवकों से उनका पैसों को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। राजीनामे के लिए उन्हें विद्याधरनगर मंदिर मोड़ पर बुलाया गया था। वह पहले अकेले वहां पहुंचे, लेकिन वहां कई युवकों को देखकर उन्होंने अपने भाई शाकिर को भी बुला लिया। कय्यूम के मुताबिक, मौके पर 5-6 लोग मौजूद थे और कुछ युवक गाड़ियों पर बैठे हुए थे।
कय्यूम का आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद युवकों ने चाकू निकालकर शाकिर की जांघ पर हमला कर दिया। बीच-बचाव के दौरान उन पर भी चाकू से वार किया गया। शाकिर को गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान सोमवार रात करीब 2:30 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने के साथ ही वारदात के पीछे की पूरी वजह पता करने में जुटी है।