जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान हाई कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जयपुर कोर्ट के जजों और स्टाफ के नाम भेजे गए ई-मेल में लिखा गया कि सुबह 11 बजे तक हाईकोर्ट खाली कर दिया जाए, अन्यथा दोपहर 1:30 बजे परिसर में 18 बम धमाके किए जाएंगे। धमकी मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
सूचना के बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। कोर्ट रूम, जजों के चैंबर और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिससे राहत की सांस ली गई। सुरक्षा व्यवस्था को एहतियातन और सख्त कर दिया गया है।
गौरतलब है कि जयपुर पीठ को पिछले साल 31 अक्टूबर से अब तक 11 बार इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं और हर बार वे फर्जी साबित हुई हैं। सिर्फ इसी महीने में यह पांचवीं धमकी है। 6 फरवरी के बाद 17, 19 और 20 फरवरी को भी धमकी भरे मेल आ चुके हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं।
आज का ई-मेल सुबह जल्दी मिलने के कारण अदालत शुरू होने से पहले ही तलाशी अभियान पूरा कर लिया गया। यही वजह रही कि किसी भी तरह से न्यायिक कार्य प्रभावित नहीं हुआ और सभी कोर्ट तय समय सुबह 10:30 बजे शुरू हो गए।