जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के चौमूं क्षेत्र में एक 27 वर्षीय युवक द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक ने सुसाइड करने से ठीक पहले एक मिनट का वीडियो नोट बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए अपने माता-पिता और भाई को जिम्मेदार ठहराया है। चौमूं थाना और जीआरपी पुलिस वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
जीआरपी की एएसआई संतोष के अनुसार, मृतक की पहचान झुंझुनूं के बुहाना गांव निवासी विकास कौशिक (27) के रूप में हुई है, जो चौमूं के एक होटल में काम करता था। बुधवार दोपहर करीब 11 बजे उसने पाच्यांवाली ढाणी अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक पर बैठकर वीडियो बनाया। वीडियो में उसने कहा, "मेरी मौत का जिम्मेदार मेरा डिप्रेशन और मेरे घरवाले (मां, पापा और भाई) हैं। अब ट्रेन आने वाली है और मैं सुसाइड कर रहा हूं।" वीडियो देखने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन तब तक युवक ट्रेन के आगे कूद चुका था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।