जयपुर न्यूज डेस्क: राजस्थान एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (ATS) ने जयपुर से एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े कथित स्लीपर सेल के संपर्क में रहने का आरोप है। गिरफ्तार महिला की पहचान बबीता धाकड़ उर्फ खदीजा के रूप में हुई है। मूल रूप से गंगापुर की रहने वाली बबीता जयपुर में रह रही थी और गृहिणी बताई जा रही है। खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसे रविवार को हिरासत में लिया गया।
प्रारंभिक जांच में महिला के मोबाइल फोन से दो सिम कार्ड और एक फेसबुक अकाउंट मिला है, जिसमें कथित तौर पर आपत्तिजनक सामग्री और विदेशी प्रोफाइल से जुड़े संपर्क पाए गए हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार, उसकी फ्रेंड लिस्ट में ऐसे कई अकाउंट शामिल थे जिन पर जैश-ए-मोहम्मद और अन्य प्रतिबंधित संगठनों के झंडे तथा हथियारबंद व्यक्तियों की तस्वीरें लगी थीं। इसके अलावा उसके व्हाट्सएप पर कई पाकिस्तानी नंबरों और विदेशी संपर्कों के साथ बातचीत के रिकॉर्ड भी मिले हैं।
जांच में यह भी सामने आया है कि पाकिस्तान स्थित एक मौलवी ने फोन के जरिए उसका कथित धर्म परिवर्तन कराने की प्रक्रिया शुरू की थी। एजेंसियों का दावा है कि उसे नमाज पढ़ने, कुरान का अध्ययन करने और धार्मिक गतिविधियों में शामिल होने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही उसे नेपाल, सऊदी अरब या संयुक्त अरब अमीरात के रास्ते पाकिस्तान ले जाने की योजना होने की भी आशंका जताई जा रही है।
एटीएस अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी शुरुआती चरण में है और अब तक मिले सभी सबूत डिजिटल हैं, जिनकी सत्यता की पुष्टि की जा रही है। एजेंसियां उसके मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती संकेत बताते हैं कि पिछले छह से सात महीनों से उसे कट्टरपंथ की ओर प्रभावित करने और भारत में किसी साजिश के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की जा रही थी, हालांकि इन सभी पहलुओं की अभी विस्तृत जांच जारी है।