जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर के करधनी इलाके में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के बाद फरार चल रहे 45 वर्षीय राहुल झा को पुलिस ने रविवार को सीकर जिले के रींगस कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, वह शुक्रवार सुबह हत्या का मामला सामने आने से कुछ घंटे पहले ही जयपुर से निकल गया था। डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस उसकी लोकेशन तक पहुंची।
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, जयपुर छोड़ने के बाद राहुल सबसे पहले खाटू श्याम जी पहुंचा था। बताया जा रहा है कि वह वहां आशीर्वाद लेने गया था। इसके बाद उसने पास के एक होटल में कमरा लिया, लेकिन रोजमर्रा के खर्च के लिए पैसे खत्म हो गए। उसने होटल के कर्मचारियों को अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद वह होटल छोड़कर रींगस की ओर निकल गया।
राहुल के रींगस में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम ने होटल के आसपास निगरानी शुरू कर दी। रविवार को जैसे ही वह चेहरे पर रुमाल बांधकर होटल से बाहर निकलता दिखाई दिया, सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। मौके पर उसकी पहचान की गई और गिरफ्तारी के बाद उसे जयपुर लाया गया। राहुल पर अपनी पत्नी गीता (40) और बेटियों नंदानी (23), राधिका (17) और गौरी (14) की हत्या का आरोप है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में राहुल ने हत्या की बात कबूल की है। शुरुआती जांच में परिवार के भीतर लंबे समय से तनाव और आपसी विवाद की बात सामने आई है। खासकर राहुल के अपनी पत्नी और बड़ी बेटी के साथ रिश्ते तनावपूर्ण बताए जा रहे हैं। पुलिस ने परिवार के गोविंद वाटिका स्थित घर से राहुल के खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। उसका मोबाइल फोन भी मिला, जिसे उसने फरार होने से पहले बंद कर दिया था।