जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में विदेशी नागरिकों से ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी टेक्निकल सपोर्ट कॉल सेंटर का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मंगलवार, 20 अक्टूबर को भांकरोटा थाना क्षेत्र में अचानक दबिश देकर पुलिस ने 8 युवकों और 2 युवतियों समेत 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह अमेरिकी नागरिकों को आईफोन की तकनीकी समस्या दूर करने का झांसा देकर उनसे पैसे वसूलता था। मामले में करोड़ों रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने की आशंका है।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल और स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। ओमप्रकाश ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि कॉल सेंटर में काम करने वाले लोग एक्स-लाइट सॉफ्टवेयर और टीएफएन नंबरों के जरिए अमेरिका में बैठे नागरिकों से संपर्क करते थे। आईफोन में तकनीकी गड़बड़ी ठीक करने के नाम पर ग्राहकों को लंबी बातचीत में उलझाया जाता था और मदद के बदले उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी।
बैंक अधिकारी बनकर हासिल करते थे गोपनीय जानकारी
पुलिस के मुताबिक, ठगी के इस नेटवर्क में शामिल एक युवती कथित तौर पर बैंक अधिकारी बनकर अमेरिकी ग्राहकों से बात करती थी। ग्राहकों का भरोसा जीतने के बाद वह उनसे बैंक खातों से जुड़ी गोपनीय वित्तीय जानकारी हासिल कर लेती थी। इसके बाद यह जानकारी टेलीग्राम ग्रुप पर साझा की जाती थी। पुलिस को आशंका है कि गिरोह के मुख्य संचालक इन जानकारियों का इस्तेमाल कर विदेशी बैंक खातों से रकम निकालते थे। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क और इसके पीछे काम कर रहे लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
19 मोबाइल और 12 लैपटॉप बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 19 स्मार्टफोन, 12 लैपटॉप और बड़ी संख्या में लैपटॉप से जुड़ी एक्सेसरीज बरामद की हैं। बताया गया कि सीएसटी की एनडीपीएस टीम से मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। इसके बाद हिरासत में लिए गए सभी 10 लोगों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भांकरोटा थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस कथित साइबर गिरोह के मुख्य संचालक कौन हैं, ठगी से जुड़ी रकम का लेनदेन कैसे होता था और इसके तार किन अन्य लोगों से जुड़े हैं।
हिरासत में लिए गए 10 संदिग्धों के नाम
हर्ष चौहान (27) — दिनेश चौहान के पुत्र, गांव खेड़ी सुल्तान, जिला झज्जर, हरियाणा।
कृष्ण (28) — देव के पुत्र, गांव नलबाड़ी, जिला बक्सा, असम।
आकाशी लाबा (30) — राजीव लाबा के पुत्र, गांव खोपलासी, जिला दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल।
खोजा (27) — मातीतशी के पुत्र, गांव पोखमंजरी, जिला मेलयूरी, नागालैंड।
केवी (24) — जैपोनी के पुत्र, गांव अखीको, जिला मेलयूरी, नागालैंड।
निशांत (24) — संजय के पुत्र, गांव फरुखनगर, जिला गुरुग्राम, हरियाणा।
रविंद्र कुमार (31) — राजपाल सिंह के पुत्र, गांव पाटोदा, जिला महेंद्रगढ़, हरियाणा।
अंकित (24) — सुरेश के पुत्र, गांव खेड़ी सुल्तान, जिला झज्जर, हरियाणा।
दिया गुरुजी (25) — सुरजू गुरुजी की पुत्री, गांव खोपलासी, जिला दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल।
लिशीनी (25) — अदानी की पुत्री, गांव मऊ, जिला सेनापति, मणिपुर।