जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर पुलिस ने अमेरिका के लोगों को निशाना बनाकर कथित तौर पर ठगी करने वाले फर्जी Apple सपोर्ट कॉल सेंटर का खुलासा किया है। पुलिस ने सिरसी रोड स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि यहां बैठे लोग खुद को Apple कस्टमर सपोर्ट कर्मचारी बताकर अमेरिकी नागरिकों को फोन करते थे और टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर उनसे पैसे ऐंठते थे।
पुलिस के मुताबिक, यह कॉल सेंटर मंगलम ग्रैंड रेजिडेंसी में चलाया जा रहा था। आरोपियों का तरीका भी काफी अलग था। वे अमेरिका के लोगों को Apple प्रोडक्ट के नाम पर प्री-अप्रूव्ड चार्ज का फर्जी SMS भेजते थे। इसके बाद जब कोई व्यक्ति दिए गए नंबर पर कॉल करता था तो आरोपी खुद को Apple सपोर्ट स्टाफ बताकर उससे 399, 499 या 699 डॉलर की पेमेंट मांगते थे। यह रकम कथित तौर पर चार्ज कैंसिल करने या टेक्निकल सपोर्ट देने के नाम पर मांगी जाती थी।
साइबर फ्रॉड की सूचना मिलने के बाद बिंदायका पुलिस, जयपुर वेस्ट जिला स्पेशल टीम और राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर ने मिलकर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 13 लैपटॉप, 24 मोबाइल फोन और कई तकनीकी उपकरण बरामद किए। पुलिस अब इन डिवाइस की जांच कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि कितने अमेरिकी नागरिकों को निशाना बनाया गया और इस फर्जी कॉल सेंटर से कितनी रकम की ठगी की गई।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच में आरोपियों के इंटरनेशनल कॉलिंग नेटवर्क, अमेरिका के लोगों के मोबाइल नंबर हासिल करने के तरीके, पैसों के लेन-देन और विदेश से जुड़े कनेक्शन की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए मोबाइल और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच के बाद इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।