जयपुर में नौकरानी ने चुराई 50 लाख की ज्वेलरी, पति के साथ गिरफ्तार

Photo Source : Google

Posted On:Tuesday, August 11, 2026

जयपुर न्यूज डेस्क: जयपुर में घर की अलमारी से करीब 50 लाख रुपये की सोने और डायमंड ज्वेलरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने नौकरानी और उसके पति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, नौकरानी ने मौका देखकर मालिक के घर से गहने चुराए और बाद में उन्हें अपने पति को दे दिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए कीमती आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।

मामला वैशाली नगर थाना क्षेत्र के सिरसी रोड स्थित ऑफिसर्स कैंपस का है। यहां रहने वाले उमेश कुमार शर्मा ने 6 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी एक पारिवारिक कार्यक्रम में जाने के लिए अलमारी से ज्वेलरी निकाल रही थीं। इस दौरान उन्हें सोने के गहने और 8 हजार रुपये नकद गायब मिले।

शिकायत में चोरी हुए सोने और डायमंड के गहनों की कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई। मामला दर्ज होने के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में कई जगहों पर छानबीन की।

पुलिस ने सोमवार को विकास कुमार मीणा (19) और उसकी पत्नी मोनिका मीणा (20) को गिरफ्तार किया। दोनों मूल रूप से क्रमश: बूंदी और टोंक जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल जयपुर की बुनकर कॉलोनी, खातीपुरा में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, मोनिका पीड़ित परिवार के घर पर काम करती थी। उसने घर में काम करने के दौरान अलमारी से ज्वेलरी चोरी की। इसके बाद उसने चोरी किए गए गहने अपने पति विकास को दे दिए। पुलिस का दावा है कि विकास ने इन गहनों को बेच दिया था। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली।

250 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच

डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण के अनुसार, घटना के बाद पुलिस टीम ने वारदात वाली जगह और आसपास के इलाकों के साथ कई अन्य स्थानों के 250 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घर में काम करने वाली मोनिका ने ही मौका देखकर अलमारी से गहने निकाले थे। इसके बाद चोरी के गहने पति को सौंप दिए गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अब मामले में आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।


जयपुर और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. Jaipurvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.